संतों के सानिध्य में होगा भव्य आयोजन
दैनिक सम्राट संवाददाता
भीनमाल (विक्रम राठी)। क्षेत्र के कारलू गांव स्थित बोटेश्वर महादेव मंदिर में नवनिर्मित यज्ञशाला के शुभारंभ, गेट शिलान्यास एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। तीन दिवसीय यह धार्मिक महोत्सव 22 अप्रैल से प्रारंभ होकर 24 अप्रैल तक विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के तहत 21 कुंडीय महारुद्र यज्ञ, कलश, दंड एवं ध्वज की प्राण प्रतिष्ठा संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में शुभ मुहूर्त में संपन्न होगी। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को देव दर्शन, भजन-कीर्तन, प्रवचन श्रवण और प्रसादी का पुण्य लाभ प्राप्त होगा।
तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा
22 अप्रैल: महोत्सव का शुभारंभ पंचांग पूजन, गणपति पूजन, रुद्राभिषेक, आचार्य वरण एवं अग्नि स्थापना के साथ होगा। इसके बाद महारुद्र यज्ञ, हवन एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा। सायंकाल भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें हर्ष माली एंड पार्टी (बालोतरा), आस्था खारवाल एंड पार्टी (पचपदरा) और भगवाना राम राजपुरोहित एंड पार्टी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
23 अप्रैल: गणपति पूजन, देवताओं का विशेष पूजन, शोभायात्रा, ध्वज एवं शिखर पूजन, आरती और प्रसादी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दिन भजन संध्या में चुन्नीलाल राजपुरोहित, बाबूलाल राजपुरोहित (भीनमाल), नूतन गहलोत (गायिका व अभिनेत्री) और दिल्ली के नृत्य कलाकार मनोज-रिया एंड पार्टी की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
24 अप्रैल: अभिजीत मुहूर्त में देवी-देवताओं की प्राण प्रतिष्ठा, शिखर कलश स्थापना, ध्वजारोहण एवं महारुद्र पूर्णाहुति संपन्न होगी। इसके साथ ही मांडवा-तोरण, मूर्ति प्रतिष्ठा, चुनरी महोत्सव, आशीर्वाद समारोह एवं भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
संत-महात्माओं का रहेगा सानिध्य: महोत्सव में तुलसाराम जी महाराज (ब्रह्म धाम आसोतरा), श्री श्री 1008 दयाराम जी महाराज, श्री श्री 1008 रतन गिरी जी महाराज, श्री श्री 1008 गंगा नाथ जी महाराज सिरे मंदिर, श्री श्री 1008 प्रेम भारती जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करेंगे।
आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। महोत्सव को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।
कारलू गांव में बोटेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 22 से
कारलू गांव में बोटेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 22 से