Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
18 अप्रैल 2026
Epaper

जयपुर में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 2 की मौत

जयपुर में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 2 की मौत
जयपुर में जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 2 की मौत

सीवरेज टैंक की सफाई करने उतरे, टैंक में नहीं आ रही सांस

दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर।
जयपुर में सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान 2 मजदूरों का जहरीली गैस से दम घुटने लगा, तो दोनों चिल्लाने लगे। सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को सीवरेज टैंक से निकालकर कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मचारी बिना सेफ्टी किट के सीवरेज में सफाई के लिए उतरे थे।
यह हादसा करीब 2 बजे झोटवाड़ा जोन के शेखावत मार्ग, निवारू रोड, वार्ड नंबर 24 में हुआ। वाल्मीकि सफाई कर्मचारी संगठन ने इस हादसे पर कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि बिना सुरक्षा मानक उपकरण दिए सीवर मेन होल की सफाई का कार्य करवाया जा रहा था, और अचानक मीथेन गैस सीवर चेंबर में आने से कर्मचारियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। एक्सईएन सोनू चौधरी, एईएन रवि कुमार, जेईएन पवन कुमार और ठेकेदार अरविंद शेखावत पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन हॉस्पिटल मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। देर रात तक शव के पोस्टमॉर्टम को लेकर सहमति नहीं बनी है।
शव परिजनों को सौंपा
करधनी थाना अधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि हादसे में अजय (निवासी, पुरानी बस्ती )और रामबाबू ( निवासी, पानीपेच शास्त्री नगर) की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है।
नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने कहा- भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने का प्रयास किया जाएगा। इस पूरे मामले में लापरवाही हुई है, जिसकी जांच करवाई जाएगी। ठेकेदार की लापरवाही को लेकर भी जांच की जाएगी कि क्या ठेकेदार ने कर्मचारियों को सुरक्षा कवच दिए थे या नहीं। जांच के बाद ही यह निष्कर्ष निकाला जा सकेगा कि किसकी गलती थी। जिस स्तर पर भी लापरवाही पाई जाएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अगर नगर निगम के स्टाफ की भी गलती पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।