Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
17 मई 2026
Epaper

नीट पेपर लीक से मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में, एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन

नीट पेपर लीक से मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में, एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन
नीट पेपर लीक से मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य अंधकार में, एनएसयूआई का उग्र प्रदर्शन

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व एनटीए चेयरमेन से मांगा इस्तीफा, बर्खास्तगी की उठी मांग
दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)।
देशभर में सामने आए नीट परीक्षा 2026 पेपर लीक मामले को लेकर छात्र राजनीति में उबाल देखने को मिल रहा है। जमवारामगढ़ मुख्य बस स्टैंड पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार और एनटीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि पेपर लीक ने लाखों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों और भविष्य पर कुठाराघात किया है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों तक कठिन परिश्रम करने वाले छात्र-छात्राओं का भविष्य भ्रष्ट व्यवस्था और परीक्षा माफियाओं की वजह से बर्बाद हो रहा है। 
विद्यार्थियों ने कहा कि एक ओर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, वहीं दूसरी ओर पेपर लीक जैसी घटनाएं पूरी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही हैं।प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और एनटीए चेयरमेन से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोनों पदाधिकारियों ने इस्तीफा नहीं दिया तो प्रधानमंत्री को उन्हें तत्काल बर्खास्त करना चाहिए। छात्र नेताओं ने कहा कि लगातार हो रहे परीक्षा घोटालों ने यह साबित कर दिया है कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है।एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक होना केवल एक परीक्षा का मामला नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर गहरा धब्बा है। 
उन्होंने निष्पक्ष जांच कर पेपर लीक माफियाओं, सहयोगी अधिकारियों और पूरे नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआई जिला महासचिव अतुल मानतवाल, जिला उपाध्यक्ष हनुमान सहाय खटाणा, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष योगेन्द्र गुर्जर, राजकीय पीजी महाविद्यालय जमवारामगढ़ इकाई अध्यक्ष आकाश वर्मा, इकाई महासचिव दिलखुश मीणा, राहुल बुनकर, पूर्व महासचिव राजकीय पीजी महाविद्यालय जमवारामगढ़ सहित बड़ी संख्या में छात्र  मौजूद रहे। छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर निष्पक्ष जांच नहीं करवाई गई तो एनएसयूआई छात्र हित में आंदोलन को और उग्र करेगी। प्रदर्शन के दौरान युवाओं में भारी आक्रोश दिखाई दिया तथा छात्र एकजुट होकर मेहनती छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो जैसे नारों के साथ अपनी आवाज बुलंद करते नजर आए।