दैनिक सम्राट संवाददाता
चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)। नगर पालिका फेडरेशन की ओर से मौजीशंकर सैनी को नगर निगम का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर विभिन्न समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मनोनीत अध्यक्ष मौजीशंकर सैनी के सम्मान में फार्मासिस्ट ओमप्रकाश मीणा एवं मोनू खंडेलवाल ने उनका साफा पहनाकर, माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। साथ ही मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया। फार्मासिस्ट जयपुर संभाग अध्यक्ष ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि मौजीशंकर सैनी का लंबे समय से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान रहा है और वे हमेशा जनहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उनके नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।फार्मासिस्ट ओमप्रकाश मीणा ने कहा कि सैनी के अध्यक्ष बनने से क्षेत्र को एक सक्षम और कर्मठ नेतृत्व मिला है, जिससे शहर के विकास को मजबूती मिलेगी। वहीं मोनू खंडेलवाल ने भी विश्वास जताया कि सैनी अपने पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।
मौजीशंकर सैनी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा।