दैनिक सम्राट संवाददाता
जमवारामगढ़ (अंकिता शर्मा)। उपखंड मुख्यालय स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के पेट्रोल पंप पर आखिरकार तीन दिन बाद जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से शनिवार दोपहर करीब तीन बजे पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति पहुंची। ईंधन पहुंचने के साथ ही वाहन चालकों व उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल को पेट्रोल पंप पूरी तरह से ड्राई हो गया था। जबकि पंप संचालक ने 14 अप्रैल को ही बीपीसीएल को पेट्रोल व डीजल के लिए इंडेंट भेज दिया था, लेकिन डिपो से समय पर सप्लाई नहीं मिलने के कारण यह स्थिति बनी। इससे नगर पालिका मुख्यालय पर ईंधन की किल्लत हो गई और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तीन दिनों तक वाहन चालक सुबह-शाम पेट्रोल पंप के चक्कर लगाते रहे। इस दौरान शादी-ब्याह के सीजन के चलते परेशानी और अधिक बढ़ गई। लोगों ने बीपीसीएल की कार्यप्रणाली पर नाराजगी भी जताई।
आखिरकार जिला कलेक्टर संदेश नायक व जिला रसद अधिकारी जयपुर संघमित्रा बरडिया के हस्तक्षेप के बाद जोबनेर के पास आसलपुर डिपो से पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर जमवारामगढ़ के लिए रवाना किया गया। टैंकर में 10 हजार लीटर पेट्रोल और 10 हजार लीटर डीजल लेकर दोपहर तीन बजे पंप पर पहुंचा। अनलोडिंग के बाद आपूर्ति शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिली।
नगर पालिका जमवारामगढ़ मुख्यालय पर बीपीसीएल का एकमात्र पेट्रोल पंप है, जबकि दूसरा पंप सायपुरा में करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित है। आसपास अन्य पंप नहीं होने से लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ी।
इनका कहना है
बीपीसीएल अधिकारियों से समन्वय कर समस्या का समाधान कर दिया गया है और आपूर्ति सुचारू करवाई गई है।
- संदेश नायक, जिला कलेक्टर जयपुर
-------------------------
पेट्रोल व डीजल के लिए 14 अप्रेल को ही इंडेंट भेज दिया था। आज दोपहर तीन बजे सप्लाई मिल गयी है। दस हजार पेट्रोल व दस हजार लीटर डीजल मिला है।
-सुरेन्द्र सैनी, डीलर बीपीसीएल पेट्रोलपम्प जमवारामगढ़
जिला प्रशासन के दखल के बाद हो सकी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति, बीपीसीएल का पेट्रोल पंप तीन दिन से था रीता, ग्राहकों को हो रही थी परेशानी
जिला प्रशासन के दखल के बाद हो सकी पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति, बीपीसीएल का पेट्रोल पंप तीन दिन से था रीता, ग्राहकों को हो रही थी परेशानी